गरियाबंद, 23 नवंबर 2026 : गरियाबंद में बच्चों की सुरक्षा और बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सुरक्षित बचपन अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। 21 नवंबर को न्यू सर्किट हाउस, गरियाबंद के सभाकक्ष में आयोजित इस कार्यशाला में जिले के 25 विद्यालयों के 50 शिक्षकों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (POCSO Act) के संबंध में विधिक जानकारी एवं प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
यह प्रशिक्षण राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशानुसार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायपुर के अध्यक्ष एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री बलराम प्रसाद वर्मा के निर्देश पर आयोजित किया गया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों के माध्यम से विद्यालयों में विद्यार्थियों को बाल संरक्षण कानूनों, उनके अधिकारों तथा सुरक्षित वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने के महत्व के प्रति जागरूक करना था। प्रशिक्षण के दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से बच्चों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी गई। शिक्षकों को बताया गया कि किसी भी असुरक्षित स्थिति में बच्चे को स्पष्ट रूप से ‘ना’ कहना चाहिए, वहां से दूर हटना चाहिए तथा किसी विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी देनी चाहिए।
इसके साथ ही शिक्षकों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर एवं बच्चों की सुरक्षा से संबंधित अन्य आवश्यक हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई, ताकि जरूरत पड़ने पर समय पर सहायता प्राप्त की जा सके।
कार्यशाला में प्रशिक्षक के रूप में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश गरियाबंद एवं अध्यक्ष तालुका विधिक सेवा समिति श्री बी.आर. साहू, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट गरियाबंद सुश्री सीमा कुमार, उप पुलिस अधीक्षक सुश्री लीतेश सिंह, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री अनिल द्विवेदी, पैनल अधिवक्ता श्री होमेश्वर सिंह यदु एवं श्री हेमराज दाऊ तथा सीडब्ल्यूसी गरियाबंद के सपोर्ट पर्सन श्री नंदकुमार नायक उपस्थित रहे।
सभी प्रशिक्षकों ने शिक्षकों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 के महत्वपूर्ण प्रावधानों तथा बाल सुरक्षा से संबंधित कानूनी प्रक्रियाओं की जानकारी दी। प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों को बच्चों के साथ होने वाले लैंगिक अपराधों की पहचान, सुरक्षा उपायों और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के संबंध में जागरूक किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यशाला में न्यायिक अधिकारीगण, पुलिस अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी, पैनल अधिवक्ता, सपोर्ट पर्सन, न्यायालयीन कर्मचारी, पैरा लीगल वालंटियर तथा अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा। अभियान का उद्देश्य विद्यालयों में बाल सुरक्षा के प्रति संवेदनशील वातावरण तैयार करना तथा बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है।
