Newsroom Latest Updates & Legal Dispatch
Chhattisgarh • India • Judiciary • Career

The Rajpatra is your trusted source for the latest Chhattisgarh News, Local and Regional News, India News, Breaking News, Legal News, Supreme Court and High Court Updates, Government Job Notifications, Sarkari Naukri, CGPSC, CG Vyapam, Education News and Government Schemes. Get the latest news, important updates and reliable information from Chhattisgarh and across India. Stay informed with The Rajpatra for accurate, timely and comprehensive news coverage.

Chhattisgarh

बेमेतरा: ग्रीष्मकालीन धान की खेती से बचने की अपील, दलहन-तिलहन और मिलेट्स की खेती को मिलेगा प्रोत्साहन

•

रायपुर, 25 नवंबर 2026 - भू-जल स्तर में लगातार हो रही गिरावट को नियंत्रित करने और जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन ने किसानों से ग्रीष्मकालीन धान की खेती नहीं करने की अपील की है। शासन ने किसानों को कम पानी में तैयार होने वाली लाभकारी दलहन, तिलहन एवं अन्य वैकल्पिक फसलों की खेती अपनाने की सलाह दी है। इसी क्रम में बेमेतरा जिला प्रशासन ने जिले की कृषि परिस्थितियों, मिट्टी की प्रकृति और सिंचाई की उपलब्धता के अनुसार किसानों को वैकल्पिक फसलें लगाने के लिए प्रोत्साहित किया है।

जिला प्रशासन के अनुसार, ग्रीष्मकालीन धान की खेती में अत्यधिक सिंचाई की आवश्यकता होती है, जिससे भू-जल का तेजी से दोहन होता है। इसके परिणामस्वरूप गर्मी के दिनों में भू-जल स्तर गिरने और नागरिकों तथा मवेशियों के लिए पेयजल संकट उत्पन्न होने की आशंका बढ़ जाती है। लगातार धान की खेती करने से मिट्टी के पोषक तत्वों में भी कमी आती है और किसानों की उत्पादन लागत बढ़ती है।



कम पानी में लाभकारी फसलों की खेती पर जोर

बेमेतरा जिले में किसानों को चना, मूंग, उड़द, मक्का, सूरजमुखी, तिल, सरसों, सब्जियां, तरबूज और खरबूज जैसी वैकल्पिक फसलों की खेती करने की सलाह दी गई है। इन फसलों में धान की तुलना में कम पानी की आवश्यकता होती है, जिससे सिंचाई पर होने वाला खर्च कम किया जा सकता है।

दलहन एवं तिलहन फसलों की बाजार में अच्छी मांग होने और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदी की व्यवस्था से किसानों को बेहतर आर्थिक लाभ मिलने की संभावना है। दलहनी फसलें मिट्टी में नाइट्रोजन की उपलब्धता बढ़ाने में भी सहायक होती हैं, जिससे अगली फसल में उर्वरकों पर होने वाला खर्च कम हो सकता है।

21 सहकारी समितियों में एमएसपी पर खरीदी की व्यवस्था

किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पीएम-आशा) के अंतर्गत बेमेतरा जिले की 21 सहकारी समितियों में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी की व्यवस्था की गई है।

केंद्र सरकार द्वारा रबी विपणन वर्ष 2027-28 के लिए मसूर का समर्थन मूल्य 7,390 रुपये प्रति क्विंटल, सरसों का 6,613 रुपये प्रति क्विंटल तथा चना का 5,958 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। इससे किसानों को फसल विविधीकरण अपनाने और कम पानी वाली फसलों की ओर बढ़ने में प्रोत्साहन मिलेगा।

फसल विविधीकरण पर बीज अनुदान और तकनीकी सहायता

कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार, फसल विविधीकरण अपनाने वाले किसानों को शासन की विभिन्न योजनाओं में प्राथमिकता दी जा रही है। उन्नत किस्मों के प्रमाणित बीजों पर विशेष अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही कृषि विज्ञान केंद्र और कृषि विभाग के मैदानी अमले द्वारा किसानों को फसल उत्पादन, उन्नत तकनीक और बेहतर कृषि प्रबंधन के संबंध में मार्गदर्शन दिया जा रहा है।

प्रशासन ने किसानों से भविष्य में संभावित जल संकट को देखते हुए ग्रीष्मकालीन धान की बुवाई से बचने तथा कम पानी में अधिक लाभ देने वाली फसलों को अपनाने की अपील की है। बीज, अनुदान और कृषि संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए किसान अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी या विकासखंड कृषि कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

कोदो, कुटकी और रागी की खरीदी 15 दिसंबर से

बेमेतरा जिले में खरीफ वर्ष 2026 के दौरान उत्पादित लघु धान्य मिलेट्स यानी श्री-अन्न कोदो, कुटकी और रागी के उपार्जन की भी व्यवस्था की गई है। छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित (मार्कफेड) तथा राज्य नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा धान उपार्जन की प्रचलित व्यवस्था के अनुरूप इन फसलों की खरीदी की जाएगी। उपार्जित मिलेट्स के भंडारण, राशि की व्यवस्था और उठाव की प्रक्रिया भी निर्धारित व्यवस्था के अनुसार पूरी की जाएगी।

जिले में मिलेट्स उपार्जन के लिए प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों देवरबीजा, दाढ़ी, नवागढ़ और मऊ को उपार्जन केंद्र के रूप में चयनित किया गया है।

कोदो, कुटकी और रागी की खरीदी के लिए किसानों का एकीकृत किसान पोर्टल पर पंजीयन होना आवश्यक है। पात्रता निर्धारण के लिए एग्रीस्टैक और डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से फसल रकबे का सत्यापन किया जाएगा। जिन क्षेत्रों में रकबे की पुष्टि के लिए डिजिटल क्रॉप सर्वे का डाटा उपलब्ध नहीं है, वहां राजस्व विभाग द्वारा गिरदावरी के माध्यम से फसल रकबे का सत्यापन भी मान्य होगा।

प्रति एकड़ निर्धारित उपार्जन मात्रा और समर्थन मूल्य

खरीफ वर्ष 2026 में उत्पादित मिलेट्स की खरीदी पूर्व वर्ष की व्यवस्था के अनुसार निर्धारित मात्रा में की जाएगी। इसके तहत कोदो का उपार्जन 3.50 क्विंटल प्रति एकड़, कुटकी का 2 क्विंटल प्रति एकड़ तथा रागी का 3.50 क्विंटल प्रति एकड़ किया जाएगा।

कोदो, कुटकी और रागी का उपार्जन 15 दिसंबर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक निर्धारित किया गया है। शासन द्वारा घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य के अनुसार कोदो 3,200 रुपये प्रति क्विंटल, कुटकी 3,350 रुपये प्रति क्विंटल और रागी 5,205 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदी जाएगी।

कृषि विभाग ने मिलेट्स उत्पादक किसानों से अपील की है कि वे एकीकृत किसान पोर्टल के माध्यम से समय पर पंजीयन कराएं, ताकि निर्धारित उपार्जन अवधि में अपनी उपज का लाभकारी मूल्य प्राप्त कर सकें।

जल संरक्षण, भू-जल स्तर के संतुलन और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से शासन द्वारा ग्रीष्मकालीन धान के स्थान पर दलहन, तिलहन, सब्जियों और मिलेट्स जैसी वैकल्पिक फसलों को बढ़ावा दिया जा रहा है। फसल विविधीकरण से जल संसाधनों पर दबाव कम करने के साथ-साथ मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और कृषि को अधिक टिकाऊ बनाने में मदद मिल सकती है।