नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता और पूर्व SCBA अध्यक्ष विकास सिंह की ओर से मंगलवार को नई दिल्ली के सिरी फोर्ट स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में प्रथम श्रीमती शशि प्रभा सिंह मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत और 1983 विश्व कप विजेता कप्तान कपिल देव शामिल हुए।
टूर्नामेंट में CJI XI और सुप्रीम कोर्ट मीडिया XI के बीच मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मुकाबला खेला गया। CJI XI ने 145 रन बनाए, जबकि मीडिया XI 133 रन बना सकी। CJI XI ने 12 रन से मुकाबला जीता। जस्टिस सौरभ बनर्जी को प्लेयर ऑफ द मैच और सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज चुना गया।
कार्यक्रम के दौरान युवा महिला अधिवक्ताओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रथम श्रीमती शशि प्रभा सिंह मेमोरियल अवॉर्ड भी प्रदान किए गए। मोनिका धीमान को ‘न्याय प्रभा रत्न’, हुमा अंजुम और प्रियांशी कुमारी को ‘न्याय प्रभा गौरव’ तथा कावना राव को ‘न्याय प्रभा सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
CJI जस्टिस सूर्यकांत ने कानूनी पेशे में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर देते हुए वरिष्ठ अधिवक्ताओं से अपने चैंबर में कम से कम एक-तिहाई महिला जूनियर रखने का आग्रह किया। कार्यक्रम का आयोजन दिवंगत श्रीमती शशि प्रभा सिंह की स्मृति में किया गया।
Image Source : lawnotify.in
