रायपुर, 24 नवंबर 2026 - रायपुर विधायक राजेश मूणत ने सोमवार को सेंट्रल लाइब्रेरी का निरीक्षण कर विद्यार्थियों के अध्ययन के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने लाइब्रेरी के विभिन्न तलों का भ्रमण किया और वहां अध्ययनरत विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुझावों को सुना।
विधायक राजेश मूणत ने लगभग दो घंटे तक लाइब्रेरी के ग्राउंड फ्लोर, प्रथम तल और द्वितीय तल का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध अध्ययन सुविधाओं, परिसर की व्यवस्थाओं और आवश्यक सुधारों की जानकारी ली। उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि सेंट्रल लाइब्रेरी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए उपयोगी साबित हो रही है। उन्होंने विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुछ अतिरिक्त व्यवस्थाएं विकसित करने की आवश्यकता भी बताई।
निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने लाइब्रेरी परिसर में कैंटीन की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी। विद्यार्थियों का कहना था कि कैंटीन की व्यवस्था होने से लंबे समय तक अध्ययन करने वाले छात्र-छात्राओं को सुविधा मिलेगी। इस पर विधायक ने शीघ्र पहल करने का आश्वासन दिया।
विधायक ने लाइब्रेरी परिसर में प्लंबिंग, इलेक्ट्रिक पैनल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। विद्यार्थियों ने परिसर में नगर निगम द्वारा निर्मित किए जा रहे आकांक्षी शौचालय का कार्य शीघ्र पूरा कर उसे प्रारंभ कराने की मांग की।
इस पर राजेश मूणत ने विनोद पांडे को शेष निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने और शौचालय को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने तथा आवश्यक सुविधाओं में सुधार पर जोर दिया।
