रायपुर - पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेश मूणत ने बुधवार सुबह क्षेत्र में निर्माणाधीन दो प्रमुख शैक्षणिक परियोजनाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कोटा स्थित शासकीय नवीन महाविद्यालय भवन और 22 करोड़ रुपये की लागत से बन रही नालंदा लाइब्रेरी के निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। विधायक ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
विधायक राजेश मूणत ने सबसे पहले कोटा में राम दरबार के समीप 4.65 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन शासकीय नवीन महाविद्यालय भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन निर्माण की वर्तमान स्थिति और कार्य की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को मार्च 2027 तक संपूर्ण निर्माण कार्य पूरा कर भवन हैंडओवर करने के निर्देश दिए।
महाविद्यालय भवन के प्रथम तल पर आधुनिक कक्षाओं, भूविज्ञान एवं प्राणी विज्ञान प्रयोगशालाओं तथा प्रबंधन कक्ष सहित विभिन्न सुविधाओं का सिविल कार्य लगभग पूरा हो चुका है। वर्तमान में भवन में फिनिशिंग का कार्य जारी है।
नवीन महाविद्यालय भवन के तैयार होने से कोटा, गुढियारी, भारत माता चौक और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। इसके माध्यम से छात्र-छात्राएं अपने क्षेत्र में ही विज्ञान, कला और वाणिज्य संकायों में अध्ययन कर सकेंगे। इससे स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूरस्थ संस्थानों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।
इसके बाद विधायक ने 22 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन नालंदा लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। यहां निर्माण कार्य की धीमी गति और निर्धारित कार्ययोजना से लगभग दो माह पीछे चलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। विधायक ने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को फटकार लगाते हुए अतिरिक्त संसाधन एवं श्रमिक तैनात कर कार्य में तत्काल तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक राजेश मूणत ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय-सीमा से पीछे चलने वाले अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
