नई दिल्ली : केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार और राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा कल नई दिल्ली में SAMAVESH और नए e-Anudaan पोर्टल का शुभारंभ करेंगे। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा विकसित ये दोनों डिजिटल प्लेटफॉर्म सरकारी योजनाओं की पहुंच आसान बनाने, सेवाओं को सरल करने और पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से तैयार किए गए हैं।
SAMAVESH का पूरा नाम Single Access Mechanism for All Verticals of Empowerment & Social Harmony है। यह विभाग की विभिन्न योजनाओं, सेवाओं और संगठनात्मक पोर्टलों को एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने वाला साझा प्रवेश द्वार होगा। इसमें ‘Samajik Sahayak’ नामक AI आधारित चैटबॉट भी शामिल होगा, जो 22 से अधिक क्षेत्रीय भाषाओं में योजनाओं से संबंधित जानकारी और सहायता प्रदान करेगा।
नया e-Anudaan पोर्टल विभाग की चार प्रमुख योजनाओं के तहत अनुदान सहायता से जुड़ी प्रक्रियाओं को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाएगा। इन योजनाओं में नशे की मांग में कमी के लिए राष्ट्रीय कार्ययोजना (NAPDDR), SMILE, अटल वयो अभ्युदय योजना (AVYAY) और SHRESHTA शामिल हैं। इससे अनुदान आवेदन और संबंधित प्रक्रियाओं को अधिक व्यवस्थित एवं सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान दो महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (MoUs) का आदान-प्रदान भी किया जाएगा। पहला समझौता सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग और BHASHINI के बीच होगा, जिसके तहत SAMAVESH में बहुभाषी सुविधा और भाषा प्रौद्योगिकी सेवाओं के एकीकरण को बढ़ावा दिया जाएगा।
दूसरा समझौता सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग और राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (NSDC) के बीच होगा। इसका उद्देश्य प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (PM-AJAY) के अनुदान सहायता घटक के अंतर्गत कौशल विकास और रोजगार से संबंधित सहायता एवं सेवाएं उपलब्ध कराना है।
मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, दोनों डिजिटल प्लेटफॉर्म सेवाओं तक पहुंच बढ़ाने, सेवा वितरण को सरल बनाने, संस्थागत दक्षता में सुधार करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने के लिए तैयार किए गए हैं।
