तेलंगाना हाईकोर्ट ने दिवंगत न्यायिक अधिकारी की विधवा को ग्रेच्युटी और फैमिली पेंशन जारी करने में देरी पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को ग्रेच्युटी की राशि तीन सप्ताह के भीतर उनके खाते में जमा करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने फैमिली पेंशन भी नियमों के अनुसार जल्द जारी करने को कहा।
एक्टिंग चीफ जस्टिस पी. सैम कोशy और जस्टिस नरसिंग राव नंदिकोंडा की पीठ ने कहा कि जब मृत कर्मचारी की पत्नी होने को लेकर कोई विवाद नहीं है, तो उसे मिलने वाले पेंशन लाभ रोकने का कोई औचित्य नहीं है।
याचिकाकर्ता की शादी न्यायिक अधिकारी से 2018 में हुई थी और 2019 में उनके बच्चे का जन्म हुआ। अधिकारी की 2024 में आत्महत्या से मृत्यु हो गई थी। जुलाई 2025 में हाईकोर्ट ने अधिकारियों को उनकी पत्नी के नाम ग्रेच्युटी और पेंशन लाभ जारी करने की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया था। आदेश का पालन नहीं होने पर विधवा ने अवमानना याचिका दायर की।
सुनवाई के दौरान सरकार ने बताया कि मृत अधिकारी के पिता को भी पेंशन लाभ में हिस्सा देने की इच्छा जताई गई थी, जबकि पिता को पहले ही Contributory Pension Scheme (CPS) के लाभ मिल चुके थे। इस कारण पेंशन वितरण को लेकर प्रशासनिक उलझन पैदा हुई।
हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि पिता के पेंशन अधिकारों पर विवाद अलग से तय किया जा सकता है, लेकिन इसके कारण पत्नी के कानूनी रूप से देय पेंशन लाभ रोके नहीं जा सकते। मामले की अगली सुनवाई 16 दिसंबर को होगी।
